समीर खान ने रवि बन विधवा हिंदू महिला को फँसाया, शादी का झाँसा देकर किया रेप: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता था ब्लैकमेल, ग्वालियर पुलिस ने पकड़ा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक विधवा हिंदू महिला के साथ लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ समीर खान ने रवि ठाकुर बनकर पहले महिला से दोस्ती की, फिर शादी का झाँसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, माधौगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय महिला के पति का निधन हो चुका है। पीड़िता दो बच्चों की माँ है और पति की मौत के बाद अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात समीर से हुई जिसने खुद को रवि ठाकुर बताकर उससे संपर्क बढ़ाया। युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर महिला के साथ कई बार संबंध बनाए।

कुछ समय बाद महिला को पता चला उसका नाम समीर खान है। सच्चाई सामने आने पर महिला ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। इसके बाद उसने महिला धर्मांतरण का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब महिला ने साफ इनकार किया, तो उसने उसे और उसके परिवार को जान से मारने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने और IT एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।