बीवी के T-Shirt पहनने पर भड़का शादाब, गला दबाकर गर्भवती बीवी को उतारा मौत के घाट: 6 महीने पहले हुई थी लव मैरिज, UP के गोरखपुर का मामला

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गाँव में रहने वाले 25 वर्षीय शादाब ने अपनी गर्भवती बीवी निकहत निशा की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस जाँच में सामने आया है कि शादाब को निकहत का घर में टी शर्ट पहनना पसंद नहीं था, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।

शुरुआती जाँच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और दोनों के मोबाइल फोन से मिले व्हाट्सएप चैट ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।

व्हाट्सएप चैट से खुला विवाद का राज

पुलिस के मुताबिक, शादाब और निकहत ने करीब छह महीने पहले परिवार की सहमति से लव मैरिज की थी। निकहत मुंबई में पली-बढ़ी थी और उसका रहन-सहन शहरी माहौल के मुताबिक था, जो शादाब को बिलकुल पसंद नहीं था। जाँच के दौरान दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, सोशल मीडिया अकाउंट और व्हाट्सएप चैट खंगाली गई।

इसमें उनके रिश्तों में बढ़ते तनाव के संकेत मिले। चैट में निकहत ने शौहर से शिकायत की थी कि वह उसे कहीं घुमाने नहीं ले जाता और न ही उसके लिए कुछ खरीदता है। उसने खुद को घर में कैद महसूस करने की बात भी लिखी थी। इसके जवाब में शादाब ने कहा था कि उनकी बिरादरी की महिलाएँ इस तरह के कपड़े नहीं पहनतीं।

शादाब ने कहा कि अगर उसे घर में रहना है तो लोवर-टीशर्ट जैसे आधुनिक कपड़े छोड़ने होंगे। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद ने दोनों के रिश्ते को गंभीर तनाव में पहुँचा दिया था।

कमरे में मिले थे दोनों के शव, पोस्टमॉर्टम में हुआ खुलासा

घटना मंगलवार (11 मई 2026) की सुबह सामने आई, जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। परिवार वालों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो शादाब का शव पंखे से लटका हुआ मिला, जबकि निकहत की लाश बिस्तर पर पड़ी थी और उसके मुँह से झाग निकल रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में सामने आया कि निकहत की मौत गला दबाने से हुई थी, जबकि शादाब ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जाँच की जा रही है।