पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के बड़े भाई शाहिद अख्तर के जनाजे में पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) के कई नेताओं की मौजूदगी के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। PMML को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का राजनीतिक चेहरा माना जाता है।
PMML की ओर से जारी वीडियो में संगठन के कई नेता जनाजे की नमाज में शामिल दिखे। इनमें 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के करीबी माने जाने वाले कई लोग भी मौजूद थे। जनाजे में PMML इस्लामाबाद प्रमुख इनाम-उर-रहमान कंबोह, डिप्टी जनरल सेक्रेटरी अब्दुल्ला तूर, जोनल जनरल सेक्रेटरी हाफिज उमर, खिदमत कमेटी चेयरमैन अमजद भट्टी और संगठन के अन्य पदाधिकारी दिखाई दिए।
🔴#BREAKING | 26/11 Mastermind's Associates Spotted At Shoaib Akhtar's Brother's Funeral
— NDTV (@ndtv) June 27, 2026
NDTV's @deepduttajourno joins @reetksahni with more details pic.twitter.com/dqLdjPjwAh
वीडियो में ये नेता शाहिद अख्तर के जनाजे की नमाज के लिए कतार में खड़े दिख रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहिद अख्तर का निधन तीन दिन पहले कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ था।
शोएब अख्तर ने अपने भाई के निधन की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। उन्होंने लिखा था, “यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि मेरे बड़े भाई शाहिद अख्तर का निधन हो गया है और नमाज-ए-जनाजा का समय और स्थान सुबह बताया जाएगा।”
हालाँकि, शोएब अख्तर ने जनाजे में PMML नेताओं की मौजूदगी पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है। इस घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान में आतंक से जुड़े संगठनों और उनके सहयोगियों को खुले तौर पर जगह मिलने के आरोपों को चर्चा में ला दिया है। भारत लंबे समय से पाकिस्तान पर लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों और उनके सहयोगी नेटवर्क को संरक्षण देने का आरोप लगाता रहा है।

