राम मंदिर चंदा चोरी मामला: अब तक बरामद किए गए ₹80 लाख, कोर्ट ने 8 आरोपितों को हिरासत में भेजा

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान में चोरी के मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपितों को शुक्रवार (26 जून 2026) को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपितों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इन सभी को सोमवार को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले की जाँच के दौरान अब तक 79.85 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। जाँचकर्ताओं का कहना है कि यह रकम मंदिर में आए दान की कथित हेराफेरी से जुड़ी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, यह नकदी लगभग सभी आरोपितों से बरामद हुई है। केवल सुभाष श्रीवास्तव के पास से कोई पैसा बरामद नहीं हुआ।

शुरुआती जाँच में सामने आया है कि आठ में से छह आरोपित एक बैंक की आउटसोर्स कैश मैनेजमेंट एजेंसी से जुड़े थे। इस एजेंसी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आने वाले दान की गिनती का काम दिया गया था। सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू को छोड़कर बाकी 6 आरोपित इसी एजेंसी से जुड़े बताए जा रहे हैं।

जाँच एजेंसियों का आरोप है कि जब मंदिर के चढ़ावे की गिनती हो रही थी, उसी दौरान दान की रकम में गड़बड़ी की गई। आरोप है कि एजेंसी से जुड़े ये छह लोग दान की गिनती में सीधे शामिल थे और इसी दौरान रकम की हेराफेरी हुई।

मामले की जाँच के लिए एसआईटी यानी विशेष जाँच दल काम कर रहा है। एसआईटी यह पता लगा रही है कि दान की रकम में गड़बड़ी कैसे हुई, किसने क्या भूमिका निभाई और बरामद रकम किस-किस आरोपित से जुड़ी है।