छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार (19 जनवरी 2026) को भोपालपटनम और फरसेगढ़ के सरहदी जंगलों में हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 महिलाओं सहित कुल 6 नक्सलियों को मार गिराया है।
जानकारी के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का इंचार्ज और 8 लाख रुपए का इनामी कमांडर दिलीप बेंडजा भी शामिल है। पुलिस ने मौके से एके-47, कार्बाइन और बीजीएल लॉन्चर जैसे आधुनिक हथियारों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
इस ऑपरेशन को डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर अंजाम दिया। मुठभेड़ के बाद जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मारे गए नक्सलियों पर कुल 27 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
मुख्य नक्सली दिलीप बेंडजा पर 135 आपराधिक मामले दर्ज थे। दुर्गम पहाड़ियों में चलाए गए इस अभियान के दौरान जंगली जानवरों के हमले में दो जवान घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
आँकड़ों के अनुसार, बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों का दबदबा बढ़ा है। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 नक्सली मारे जा चुके हैं, जबकि 1,126 को गिरफ्तार किया गया है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि सूचना आधारित ऑपरेशनों से नक्सली प्रभाव तेजी से कम हो रहा है और उन्होंने बचे हुए नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की है।

