पाकिस्तान-बांग्लादेश के फॉलोअर्स के दम पर उछल रहा ‘कॉकरोच’? जानें- CJP के सोशल मीडिया अकाउंट्स को लेकर हुआ क्या विवाद

सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से खूब सुर्खियाँ बटोर रही तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब एक बड़े विवाद में फँस गई है। इंटरनेट पर लगातार ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि इस पार्टी को पसंद करने वाले ज्यादातर लोग भारत के नहीं, बल्कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और तुर्की जैसे देशों के हैं। इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है कि क्या इस पार्टी की लोकप्रियता असली है या फिर यह कोई सोची-समझी ऑनलाइन चाल है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश के फॉलोअर्स पर बवाल

इंस्टाग्राम और X (पहले ट्विटर) पर इस समय कई स्क्रीनशॉट्स वायरल हो रहे हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को देखने और फॉलो करने वाले सबसे ज्यादा लोग पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की और सऊदी अरब के हैं। कई इंटरनेट यूजर्स ने आरोप लगाया है कि इस पार्टी के भारतीय फॉलोअर्स न के बराबर हैं, जबकि विदेशी अकाउंट्स की संख्या बहुत ज्यादा है।

भारत के केवल 9% फॉलोअर्स का दावा

इंटरनेट पर कुछ यूजर्स का कहना है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के कुल फॉलोअर्स में भारत की हिस्सेदारी सिर्फ 9% ही है। इसके उलट पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका को मिलाकर इसके 70% से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

हालाँकि, इन आँकड़ों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लोग हैरान हैं कि इतनी नई व्यंग्यात्मक पार्टी ने बहुत कम समय में करोड़ों फॉलोअर्स कैसे बना लिए।

फर्जी अकाउंट्स और प्रोपेगेंडा के आरोप

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) पर सिर्फ विदेशी फॉलोअर्स होने के ही नहीं, बल्कि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर यानी ‘बॉट’ अकाउंट्स के जरिए फर्जी लोकप्रियता बढ़ाने के भी आरोप लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि इंस्टाग्राम पर जिस तेजी से इस पेज के फॉलोअर्स बढ़े हैं, वह सामान्य बात नहीं है। कई यूजर्स ने इसे ‘डिजिटल प्रोपेगेंडा’ और ऑनलाइन साजिश करार दिया है।

पाकिस्तान से मिल रहे सपोर्ट का शक

सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान समर्थक और भारत के खिलाफ बोलने वाले कुछ ग्रुप इस पार्टी को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके अलावा, एक बात यह भी सामने आई है कि पार्टी के फॉलोअर्स सिर्फ इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़ रहे हैं, जबकि X (ट्विटर) पर उसे वैसी लोकप्रियता नहीं मिल रही है। इस अंतर के कारण फॉलोअर्स की सच्चाई पर शक और गहरा गया है।

कौन चला रहा है यह पार्टी?

आपको बता दें कि इस तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की शुरुआत आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व सोशल मीडिया कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने की थी। यह पार्टी खुद को बेरोजगार युवाओं और सिस्टम से परेशान लोगों की आवाज बताती है। दूसरी तरफ, इसकी आलोचना करने वालों का कहना है कि यह सिर्फ सोशल मीडिया के सहारे राजनीतिक माहौल को बिगाड़ने और प्रभावित करने की एक कोशिश है।