‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ देती थी सपा, उत्सव को उपद्रव में बदलना ही उसका एजेंडा: फिरोजाबाद में CM योगी, कहा- अंधेरे में रहने की आदत डाल चुके थे लोग

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (22 जून 2026) को फिरोजाबाद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग उत्सव को उपद्रव में बदल देते हैं, यही उनका एजेंडा है।

सीएम योगी ने कहा, “समाज को बाँटना, सामाजिक एकता को छिन्नभिन्न करना, गुंडागर्दी को प्रोत्साहित करना ही सपा का एजेंडा है। गरीब के लिए कार्य ना हो, इसके लिए एड़ी चोटी लगाना, विकास की हर योजना में रोड़ा अटकाना और किसी पर्व के पहले आयोजित होने वाले उत्सव को उपद्रव में बदल देना ही सपा का एजेंडा है।”

फिरोजाबाद में सीएम मोदी ने टूंडला क्षेत्र के उसायनी गाँव में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ₹658 करोड़ से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 568 लाभार्थियों को आवास की चाबियाँ भी सौंपी गईं। इस दौरान सीएम ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा।

वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया देती थी सपा: सीएम योगी

उन्होंने आगे कहा, “2017 के पहले क्या हालत थे? लेकिन आज आप देख रहे होंगे, ये डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी की सरकार वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज दे रही है। वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट दे रही है। वहीं समाजवादी पार्टी वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया देती थी। यानी हर जिले का एक चिन्हित माफिया था। वो चिन्हित माफिया अराजकता फैलाता था। गरीब के मकान और जमीन पर कब्जा करता था। अराजकता पैदा करना उसकी पहचान बन चुकी थी।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा प्रदेश अब माफियामुक्त, गुंडा मुक्त, उपद्रव मुक्त है। अब उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू नो दंगा… सब चंगा है। आप सोचो समाजवादी पार्टी रामनवमी पर तो विरोध करती ही करती थी, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मनाने पर भी रोक लगाती थी। कांवड़ यात्रा भी नहीं होने देती थी। गरीब को राशन नहीं मिलता था। गरीब को आयुष्मान की सुविधा का लाभ नहीं मिलता था। गरीब के लिए आवास की सुविधा नहीं थी। गरीब के घर में शौचालय की सुविधा भी नहीं थी।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “गरीब को एलपीजी के सिलेंडर की सुविधा भी नहीं थी, बिजली भी नहीं थी, क्योंकि ये कॉन्ग्रेस, समाजवादी पार्टी के लोग और बहुजन समाज पार्टी के लोग तो अंधेरे में रहने के आदि थे। अंधेरे में ही इनकी डकैती, कुशलतापूर्वक पड़ जाती थी। इसीलिए चाहते ही नहीं थे कि बिजली आए। आज मैं कह सकता हूँ, प्रदेश के अंदर पंद्रह करोड़ गरीबों को फ्री में राशन की सुविधा का लाभ मिल रहा है। दस करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत में 5 लाख रुपए की मुफ्त में स्वास्थ्य की सुविधा प्राप्त हो रही है।”