‘AI से बनाई गईं फर्जी खबरें फैलाई’: जानें- क्यों प्रतीक शर्मा के प्रोपेगेंडा हैंडल ‘Dr Nimo Yadav’ को भारत में किया गया ब्लॉक?

केंद्र सरकार ने X पर प्रतीक शर्मा के प्रोपेगेंडा हैंडल ‘Dr Nimo Yadav’ के अकाउंट को भारत में ब्लॉक करने का आदेश दिया है। आरोप है कि वह AI से बनाई गई फर्जी खबरें फैला रहा था। बार ऐंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने सोमवार (30 मार्च 2026) को दिल्ली हाई कोर्ट को यह जानकारी दी है।

ब्लॉकिंग ऑर्डर के मुताबिक, शर्मा के अकाउंट पर ऐसे पोस्ट थे जो सरकार की छवि खराब करते थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करते थे। इन पोस्ट में तस्वीरें, वीडियो और AI से एडिट किया गया कंटेंट शामिल था। साथ ही कहा गया कि इस तरह की भ्रामक सामग्री फैलाने से सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ सकती है और आंतरिक सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

X ने यह दस्तावेज जज पुरूषेन्द्र कुमार कौरव को सौंपा। वह शर्मा की उस याचिका पर विचार कर रहे हैं जिसमें सरकार के आदेश को सार्वजनिक करने की माँग की गई है। शर्मा का कहना है कि उनका अकाउंट कमाई का एक जरिया है और इस पर लगी रोक की वजह से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है और उनके काम पर भी असर पड़ रहा है।

शर्मा के वकील ने कहा कि अगर उन्हें आपत्तिजनक कंटेंट की जानकारी दी जाती है तो वे उचित कार्रवाई करेंगे। वहीं, सरकार के वकील ने अदालत से कुछ समय देने की माँग की ताकि याचिकाकर्ता की दलीलों पर सही तरीके से विचार किया जा सके। जज कौरव ने यह मांग स्वीकार कर ली।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 18 मार्च को ऐसे अकाउंट्स पर कार्रवाई का आदेश जारी किया था जो फर्जी नैरेटिव फैला रहे थे। दस्तावेजों के अनुसार, आईटी एक्ट के तहत सरकार ने 11 अन्य X हैंडल्स पर भी रोक लगाई है। मामले की अगली सुनवाई अगले हफ्ते तय की गई है।