स्टार क्रिकेटर स्मृति मंधाना की शादी टूटी: कहा- अब आगे बढ़ने का समय, क्रिकेट पर रहेगा पूरा फोकस

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना ने आखिरकार अपनी शादी को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने साफ कर दिया है कि उनकी शादी अब टूट गई है।

पिछले कई दिनों से स्मृति की शादी को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आ रही थीं। हाल ही में इंस्टाग्राम पर किए गए एक प्रमोशनल वीडियो में भी वह अपनी सगाई की अंगूठी पहने बिना नजर आईं, जिसके बाद चर्चाएँ और तेज हो गई थीं।

इससे पहले स्मृति मंधाना की शादी मशहूर म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल से होने वाली थी। लेकिन शादी से ठीक पहले उनके पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें सांगली के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके अगले ही दिन पलाश मुच्छल को भी अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। दोनों के स्वस्थ होकर डिस्चार्ड होने के बावजूद शादी की नई तारीख पर किसी भी परिवार ने कुछ नहीं बताया था।

इन अटकलों के बीच अब स्मृति ने इंस्टाग्राम पर लिखा है, “पिछले कुछ हफ्तों से मेरी निजी जिंदगी को लेकर बहुत सारी बातें हो रही हैं। मैं बहुत निजी स्वभाव की हूँ लेकिन अब कहने का समय आ गया है कि शादी रद्द कर दी गई है।” उन्होंने लिखा, “मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहूँगी। मैं अनुरोध करती हूँ कि दोनों परिवारों की प्राइवेसी का खयाल रखें।”

उन्होंने आगे लिखा, “मेरे लिए देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे सम्मान की बात है। मेरा फोकस अब पूरा क्रिकेट पर रहेगा और मैं देश के लिए खेलना और ट्रॉफी जीतना जारी रखूँगी। आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। यह अब आगे बढ़ने का समय है।”

स्मृति मंधाना का इंस्टा पोस्ट

पलाश मुच्छल ने एक पोस्ट कर अपना रिश्ता खत्म होने की जानकारी दी है और लोगों से अफवाह ना फैलाने की अपील की है।