बिहार में भरत तिवारी पर पहली गोली चलाने वाला STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार, आरा से पुलिस ने पकड़ा: CM सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद कार्रवाई हुई तेज

बिहार के भोजपुर जिले के चर्चित भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में पुलिस जाँच के दौरान एक बड़ी और अहम कार्रवाई देखने को मिली है। मामले की गहराई से जाँच कर रही विशेष टीम ने स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित जवान की गिरफ्तारी आरा से की गई है। अक्षय उस एसटीएफ टीम का सक्रिय सदस्य था, जो घटना के समय मौके पर मौजूद थी।

मामले की जाँच के दौरान जाँच टीम के हाथ कुछ ऐसे ठोस सबूत लगे, जिनसे एसटीएफ टीम की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। सूत्रों के मुताबिक, जाँच में यह अहम बात सामने आई है कि बिलौटी गाँव में हुई इस मुठभेड़ के दौरान भरत तिवारी को सबसे पहली गोली एसटीएफ जवान अक्षय कुमार ने ही मारी थी। साक्ष्यों की पुष्टि होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित जवान को हिरासत में ले लिया गया।

भोजपुर के बिलौटी गाँव में हुए इस एनकाउंटर को लेकर शुरुआत से ही कई तरह के सवाल उठ रहे थे। मृतक भरत तिवारी के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप था कि यह कोई असली मुठभेड़ नहीं, बल्कि एक प्लान्ड फर्जी एनकाउंटर था। घटना के बाद से ही इलाके में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने उच्च स्तरीय जाँच के आदेश दिए थे, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

इस कार्रवाई से पहले पीड़ित परिवार ने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। परिजनों ने मुख्यमंत्री के सामने पूरी घटना की आपबीती सुनाई और न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी। परिजनों की बातें सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया था।

एसटीएफ जवान की गिरफ्तारी के बाद जाँच अधिकारी अब इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि घटना के समय टीम के अन्य सदस्यों की क्या भूमिका थी। आने वाले दिनों में कुछ और पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है।

बता दें कि भरत तिवारी हत्याकांड के बाद काफी विवाद हुआ था। शुरु में भरत तिवारी के एनकाउंटर का दावा किया गया था, लेकिन वो दावा फेक निकला और अब भरत तिवारी हत्याकांड में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में ये पहली गिरफ्तारी हुई है, जिसमें भरत को गोली मारने वाली एसटीएफ टीम के सदस्य की गिरफ्तारी की गई है।