गैंगरेप समेत 17 मामलों में कुख्यात तालिब उर्फ आजम मारा गया, UP पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर: ₹1 लाख का था इनामी

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सोमवार (5 जनवरी 2025) की सुबह पुलिस एनकाउंटर के दौरान गैंगरेप मामले का वांटेड आरोपित तालिब उर्फ आजम खान मारा गया। 26 वर्षीय आजम पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

यह कार्रवाई सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दियारा मोड़ के पास सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस के संयुक्त अभियान में हुई। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि आजम इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जब टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपित ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तालिब लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गाँव का निवासी था। उस पर गैंगरेप सहित 17 आपराधिक मामले दर्ज थे।