10 हजार लोगों के लिए थी परमिशन, पहुँच गए 50 हजार: करूर भगदड़ मामले में जोसेफ विजय के पार्टी नेता पर FIR, मौत का आँकड़ा 39 पहुँचा

तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। इस हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने एक्टर जोसेफ विजय की पार्टी TVK के जिला सचिव वीपी मथियाझागन के खिलाफ FIR दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, ADGP एस डेविडसन देवसिरवथम ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस यह जाँच कर रही है कि 10 हजार लोगों की अनुमति होने पर भी 50 हजार लोगों की भीड़ कैसे जमा हुई। साथ ही, परमिशन दोपहर 3 बजे से थी, लेकिन लोग सुबह 11 बजे से ही क्यों जुटने लगे?

ADGP ने कहा कि जाँच के बाद तय होगा कि एक्टर जोसेफ विजय को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा या नहीं। जोसेफ विजय भगदड़ के बाद अपने प्राइवेट जेट से वापस भाग गए थे। इस घटना पर एक्टर ने संवेदना प्रकट कर कहा है कि इस घटना से दिल झकझोर गया, मैं परिवार के तौर पर आपके साथ हूँ।

भगदड़ के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि राजनीतिक रैली में बच्चों को क्यों लाया गया? जब विजय को पता था कि भीड़ जुटी है, तो वह समय से क्यों नहीं आए? इस कुप्रबंधन के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जाँच चल रही है। विजय ने अपनी टीम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक की है।