PM मोदी दुनिया के सबसे मजबूत नेता, तेजस्वी तो फेलस्वी हैं: लालू के बेटे तेज प्रताप ने भाई पर कसा तंज, कहा- जयचंदों ने RJD को खोखला कर दिया

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार को लेकर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। उनका कहना है कि जयचंदों ने आरजेडी को भीतर तक खोखला कर दिया है। पार्टी को बर्बाद कर दिया है।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी आज फेलस्वी हो गया। उसने अपनी राजनीति और कुर्सी की खातिर अपने घर में ही आग लगा दी। इतिहास उन्हें कफी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जनता ही लोकतंत्र में माई-बाप है।

(फोटो साभार- जनशक्ति जनता पार्टी)

महुआ से चुनाव हार चुके तेज प्रताप यादव ने कहा, “जनता का फैसला सर माथे पर और मैं अपनी हार स्वीकार करता हूँ। महुआ की जनता से जो वादे किए, उसे पूरे करने की कोशिश करूँगा। “

तेज प्रताप यादव ने एनडीए और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे मजबूत नेता हैं पीएम मोदी। उनका व्यक्तित्व और उनके जादुई नेतृत्व का कमाल है। बिहार की जनता ने सुशासन चुना है।

महुआ से चुनाव लड़ रहे तेज प्रताप यादव को आरजेडी ने मई में पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया था। साथ ही लालू परिवार से भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। इसके बाद उन्होंने नई पार्टी बनाई और चुनाव मैदान में कूद गए। तेजस्वी यादव ने महुआ में तेज प्रताप के खिलाफ उम्मीदवार उतारे और उसके समर्थन में रैली की।

तेज प्रताप यादव ने भी तेजस्वी यादव के राघोपुर में जाकर रैलियाँ की। तेजस्वी यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से परिवार के बजाय पार्टी के प्रति वफादार रहने की नसीहत दी। इस पर तेज प्रताप भावुक नजर आए और कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ। तेजस्वी को उन्होंने राजनीति में ‘बच्चा’ भी करार दिया।