दुबई एयर शो 2025 के आखिरी दिन शुक्रवार (21 नवंबर 2025) को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान प्रदर्शन के दौरान आसमान में कलाबाजी लगाते हुए अचानक नियंत्रण खो बैठा और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जमीन से टकरा गया।
स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे हुई इस दुर्घटना में विमान में सवार पायलट को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दर्शकों के बीच बैठे लोग, जिनमें बच्चे और महिलाएँ भी शामिल थीं, इस मंजर को देखकर स्तब्ध रह गए।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि तेजस तेजी से नीचे गिरा और फिर जोरदार धमाके के साथ आग का गोला बन गया, जिससे काला धुआँ आसमान छूने लगा।
BREAKING: Tragic news coming in. IAF Tejas fighter crashes at Dubai Air Show, no pilot ejection detected. Prayers. This is only the 2nd accident of the Tejas jet. pic.twitter.com/fmttJTL0jJ
— Shiv Aroor (@ShivAroor) November 21, 2025
भारतीय वायुसेना ने भी हादसे की जानकारी दी है। वायुसेना ने लिखा, “आज दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायुसेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पायलट को गंभीर चोटें आईं। भारतीय वायुसेना इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करती है और इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की जा रही है।”

आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुँचीं और आग बुझाने का काम किया। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जाँच चल रही है, जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की जाँच शामिल होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह थ्रस्ट लॉस या कंट्रोल इश्यू हो सकता है, लेकिन अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। इस हादसे से भारत के फाइटर फ्लीट मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम पर सवाल उठने लगे हैं।
बता दें कि हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा विकसित यह 4.5 पीढ़ी का स्वदेशी विमान भारत की आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। दुबई एयर शो 17 नवंबर से चल रहा था, जहाँ भारत ने तेजस के अलावा सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम भी भेजी थी। यह तेजस का दूसरा क्रैश है, पिछला मार्च 2024 में जैसलमेर के पास हुआ था, जहाँ पायलट सुरक्षित बच निकले थे।

