जिस बीजेपी नेता ने कॉन्ग्रेस के ₹150 करोड़ के घोटाले को किया था उजागर, उनकी संदिग्ध मौत: घर में मिला शव, तेलंगाना पुलिस कर रही जाँच

तेलंगाना में बीजेपी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रामकृष्ण रेड्डी की मौत हो गई है। बुधवार (15 अप्रैल 2026) को रंगारेड्डी जिले में उनके घर पर उनका शव मिला। उनकी मौत किन हालात में हुई, यह अभी साफ नहीं है।

मेडिपल्ली पुलिस ने इस मामले को संदिग्ध मानकर जाँच शुरू कर दी है। रामकृष्ण रेड्डी हमेशा जनता के मुद्दे उठाते रहते थे। उनकी अचानक मौत से इलाके के लोग हैरान हैं। स्थानीय लोगों के मन में अब कई तरह की आशंकाएँ और डर पैदा हो गया है।

कॉन्ग्रेस के 150 करोड़ के घोटाले का किया था खुलासा

कुछ महीने पहले ही रामकृष्ण रेड्डी ने कॉन्ग्रेस सरकार से जुड़े करीब 150 करोड़ रुपए के घोटाले का खुलासा किया था। इस मामले में ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (GHMC) के तहत गंभीर अनियमितताएँ सामने आई थीं। जाँच के बाद GHMC आयुक्त ने एक डिप्टी कमिश्नर सहित कुल 10 अधिकारियों को निलंबित कर दिया था।

जाँच में सामने आया कि इंजीनियरिंग और स्वच्छता परियोजनाओं में भारी गड़बड़ियाँ थीं। बिना उचित सत्यापन के भुगतान जारी कर दिए गए थे और कई कार्य या तो अधूरे थे या फिर उन्हें दोबारा दिखाकर फंड निकाला गया था। यह पूरा मामला उस समय का है जब बदनगपेट नगरपालिका को पिछले साल दिसंबर में GHMC में विलय किया गया था।

जाँच के दौरान यह भी पाया गया कि कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें मौजूद नहीं थीं, जिससे यह आशंका जताई गई कि सबूत छिपाने की कोशिश की गई। विजिलेंस टीम ने दस्तावेजों, बिलों और मापन पुस्तिकाओं की जाँच में कई प्रक्रियात्मक उल्लंघनों का खुलासा किया।

बिना अनुमति खर्च और मनमानी स्वीकृतियाँ

जाँच में यह भी सामने आया कि बिना नगर परिषद या नियुक्त विशेष अधिकारी की अनुमति के ही धन का दुरुपयोग किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कई परियोजनाओं को मनमाने तरीके से मंजूरी दी गई और पहले से पूरे हो चुके कार्यों के लिए दोबारा प्रस्ताव तैयार कर धन निकाला गया।

रामकृष्ण रेड्डी की मौत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत संदिग्ध मृत्यु का मामला दर्ज किया है और जाँच जारी है। उनके द्वारा उजागर किए गए घोटाले और उनकी रहस्यमयी मौत के बीच किसी संबंध की संभावना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिसे लेकर लोग निष्पक्ष जाँच की माँग कर रहे हैं।