लाल चौक पर आतंकी हमला, दहशतगर्दों ने J&K पुलिस गश्ती दल पर की फायरिंग: अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल बलिदान, सेना का ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक बार फिर आतंकियों ने कायरतापूर्ण हमले को अंजाम दिया है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग स्थित लाल चौक के पास कोकेरनाग रोड पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया।

इस अंधाधुंध गोलीबारी में हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक को सील कर दिया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

गाड़ी में सवार होकर आए थे आतंकी, अंधाधुंध चलाईं गोलियाँ

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी दोपहर करीब 12.30 बजे लाल चौक पर हुई और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन को हमले में गोली लगी। अज्ञात आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियाँ चला दीं।

गोलियाँ लगते ही आशिक हुसैन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर आतंकी अपनी गाड़ी से मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस गोलीबारी से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

अस्पताल में डॉक्टरों की कोशिश के बाद भी नहीं बची जान

हमले के तुरंत बाद साथी पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई। गंभीर रूप से घायल आशिक हुसैन को तुरंत पास के जीएमसी (GMC) अनंतनाग अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण वे जिंदगी की जंग हार गए और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

35 वर्षीय बलिदानी हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (बेल्ट नंबर 20, आईआर 3rd बटालियन) बड़गाम जिले के बीरू इलाके के रहने वाले थे। उनकी शहादत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग और उनके पैतृक गाँव में गहरा शोक छा गया। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी कानूनी और मेडिको-लीगल प्रक्रियाएँ पूरी की जा रही हैं।

आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

आतंकी हमले की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुँच गए। सुरक्षा बलों ने तुरंत लाल चौक और आसपास के सभी रास्तों की घेराबंदी कर दी। इलाके से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जाँच की जा रही है।

हमलावर आतंकियों की धरपकड़ के लिए पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि हमलावर आतंकियों की तलाश तेजी से जारी है और जल्द ही इस कायरतापूर्ण हमले में शामिल दोषियों को ढूँढ निकालकर सख्त सजा दी जाएगी।