माँ दुर्गा पर आपत्तिजनक गाना गाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार (26 सितंबर 2025) को राजवीर सिंह यादव समेत तीन इनामी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पहले से गिरफ्तार सरोज सरगम ने बताया था कि राजवीर उसे ऐसे अभद्र गानों के लिए पैसे देता था।
हिन्दू देवी-देवताओं के सम्बन्ध में यूट्यूब चैनल पर अभद्र टिप्पणी/गाना गाने वाली सरोज सरगम प्रकरण से सम्बन्धित ₹ 25-25 हजार के 03 इनामिया अभियुक्त गिरफ्तार, आपत्तिजन साहित्य, इलेक्ट्रानिक सिस्टम व वाद्ययंत्र बरामद —#UPPolice #Mirzapur pic.twitter.com/UKkdCPNRVA
— Mirzapur Police (@mirzapurpolice) September 26, 2025
गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपितों के नाम सोनू और शशांक प्रजापति है। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, कंप्यूटर, कैमरा, साउंड सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। यह जानकारी एसएसपी सोमेन बर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि राजवीर सिंह यादव ही विवादित गाने का लेखक है और उसी ने बिरहा गाने वाली सरोज सरगम को पैसे देकर यह गाना गवाया था।
सरोज को गाने के लिए वित्तीय मदद भी इसी ने दी थी। इस मामले में पहले ही पुलिस ने 24 सितंबर 2025 को सरोज सरगम, उसके पति राममिलन बिंद, सीताराम कोल, सुरेश कोल, प्रेम सरोज और राकेश यादव को जेल भेज दिया था। सरोज के खिलाफ मड़िहान और शहर कोतवाली में केस दर्ज हुआ था।
बाकी बचे आरोपितों की तलाश में पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार लगी थीं। तीनों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जाँच कर रही है और डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है।
सरोज सरगम ने किया था खुलासा
बता दें कि सरोज सरगम ने ही पुलिस की पूछताछ में पिछले दिनों राजवीर सिंह यादव के नाम का खुलासा किया था। उसका कहना था कि राजवीर के कहने पर ही वह पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लिए ऐसे गाने गाती थी।
सरोज सरगम ने पूछताछ में बताया था कि उसने ऐसे वीडियोज राजवीर सिंह यादव के कहने पर पैसे लेकर बनाए थे। सरगम ने बताया कि राजवीर ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह अपनी किताब ‘बहुजन नायक महिषासुर’ के खिलाफ केस हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से जीत चुका है, इसलिए डरने की कोई जरूरत नहीं है।
कौन है राजवीर सिंह यादव
राजवीर सिंह यादव ‘यादव शक्ति पत्रिका’ का संपादक है और पीडीए से जुड़ा हुआ है। राजवीर ही सरोज के गानों का मुख्य फाइनेंसर था और पूरे विवाद के बाद से फरार था। पुलिस ने राजवीर सिंह यादव समेत तीनों आरोपितों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मिर्जापुर पुलिस ने राजवीर की गिरफ्तारी के लिए कई जिलों में छापेमारी की थी।

