राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके घोंडा और मौजपुर से तीन लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कुछ मुस्लिम लड़के तीनों लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।
दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के अनुसार, तीनों लड़कियाँ बीते 8 अप्रैल से लापता हैं। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने संबंधित थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की जिसके तहत लड़कियों के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली गई।
जाँच के दौरान जो जानकारी सामने आई तो उसने मामले को और गंभीर बना दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों लड़कियों की आखिरी लोकेशन सीतामढ़ी में ट्रेस हुई है। इसके बाद पुलिस और परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि यह कोई सामान्य गुमशुदगी का मामला नहीं है बल्कि एक सुनियोजित साजिश के तहत लड़कियों को बाहर ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि लापता तीन लड़कियों में से दो नाबालिग हैं जबकि एक बालिग है। परिवारों ने प्रशासन से अपील की है कि उनकी बेटियों को सुरक्षित बरामद करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस बीच, एक लड़की के परिजन पुलिस टीम के साथ बिहार के सीतामढ़ी पहुँच चुके हैं और वहाँ स्थानीय स्तर पर तलाश अभियान चला रहे हैं।

