गुरुवार (28 अगस्त 2025) को तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि गृहमंत्री अमित शाह का सिर काट दिया जाना चाहिए और कटे हुए सिर को मेज पर रख कर लोगों को दिखाना चाहिए।
महुआ ने ये बयान अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बोलते हुए कहा। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस शुरू हो गई है।
महुआ ने कहा, “मैं पूछती हूँ कि क्या हमारी सीमाओं की रक्षा करने वाला कोई नहीं है? और अन्य देशों के लाखों और करोड़ों की संख्या में लोग भारत में घुस रहे हैं… अगर वे हमारी माताओं और बहनों पर नजर रख रहे हैं, अगर वे हमारी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं… तो सबसे पहले अमित शाह का सिर काटकर मेज पर रख देना चाहिए।”
महुआ मोइत्रा अवैध घुसपैठियों को गृह मंत्री की विफलता बता रही थीं। हालाँकि अपने बयान में इस बात को महुआ ने सिरे से नकार दिया कि घुसपैठियों के लिए सबसे आसान रास्ता पश्चिम बंगाल से होकर गुजरता है।
महुआ ने BSF की भी आलोचना करते हुए कहा कि हम स्थानीय लोग बीएसएफ से डरते हैं। हमें बंगाल में कोई घुसपैठ करता हुआ नहीं दिखता।
इस वर्ष की शुरुआत से ही मोदी सरकार ने भारत में बसे रोहिंग्या और बांग्लादेश से आए अवैध घुसपैठियों को खदेड़ने के लिए ‘ऑपरेशन पुशबैक’ शुरू किया था।

