बंगाल में TMC समर्थित लैंड माफिया ने सरकारी तालाब पाटकर किया अवैध कब्जा: BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने वीडियो शेयर कर उठाए सवाल

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार (2 फरवरी 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उन्होंने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर इलाके में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) समर्थित लैंड माफिया द्वारा एक सार्वजनिक तालाब को अवैध रूप से पाटे जाने का आरोप लगाया है।

वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “भांगर में जो कुछ हो रहा है, वह जनता और पर्यावरण के खिलाफ एक आपराधिक साजिश से कम नहीं है। TMC सरकार इसमें सबसे बड़ी मददगार बनी हुई है।” उन्होंने बताया कि यह सार्वजनिक तालाब पश्चिम बंगाल सरकार की संपत्ति है।

सुवेंदु अधिकारी ने लिखा, “अंधेरी रात के बीच TMC समर्थित लैंड माफिया भांगर के विजयगंज बाजार के प्रवेश द्वार पर स्थित एक बड़े सरकारी तालाब को खुलेआम मिट्टी से भर रहे हैं। यह कोई साधारण तालाब नहीं है। यह जमीन आधिकारिक रूप से अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की बताई गई है।”

उन्होंने आगे लिखा, “इसके बावजूद मिट्टी से भरे डंपर और जेसीबी मशीनें बिना किसी रोक-टोक के काम कर रही हैं। एक महत्वपूर्ण जल स्रोत को नष्ट किया जा रहा है और प्रशासन पूरी तरह आँखें मूंदे बैठा है।” बीजेपी नेता ने चेतावनी दी कि इससे मानव-निर्मित आपदा हो सकती है, जैसा कुछ दिन पहले आनंदपुर में देखा गया था।

उन्होंने लिखा, “यहाँ भी अवैध निर्माण की नींव रखी जा रही है। बिना किसी नियंत्रण के गतिविधियाँ चल रही हैं और सरकारी विभागों की ओर से कोई निगरानी नहीं है।” अंत में उन्होंने लिखा, “यह शासन नहीं बल्कि माफिया राज है। जलाशयों, पर्यावरण और जनता की सुरक्षा को निजी लाभ और राजनीतिक संरक्षण के लिए व्यवस्थित रूप से खत्म किया जा रहा है।”