कनाडा में टोरंटो पुलिस ने 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी को उसके भारतीय मूल की पार्टनर 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। गफूरी पर इस मामले में फर्स्ट-डिग्री मर्डर यानी प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया गया है। यह मामला दिसंबर 2025 का है।
गफूरी को शुक्रवार (7 अगस्त 2026) को टोरंटो के एक एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे कनाडा वापस लाने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया।
Fugitive Returned to Canada to Face First-Degree Murder Charge in Toronto Following International Police Effort
— Toronto Crime Watch (@CrimewatchTO) August 8, 2026
A 32-year-old man wanted on a Canada-wide warrant in connection with the 2025 homicide of a Toronto woman has been returned to Canada and arrested.
Toronto Police… https://t.co/yReB0rn0XK pic.twitter.com/hXCwClOcJh
टोरंटो पुलिस ने शनिवार (8 अगस्त 2026) को बताया कि उनकी फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट ने गफूरी को वापस लाने के लिए अपने पुलिस सहयोगियों के साथ समन्वय किया। पुलिस ने यह नहीं बताया है कि कनाडा लौटने से पहले गफूरी किस देश में रह रहा था।
टोरंटो के घर में मृत मिलीं थी हिमांशी खुराना
यह मामला 20 दिसंबर 2025 को शुरू हुआ था, जब टोरंटो पुलिस एक लापता व्यक्ति की रिपोर्ट की जाँच कर रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे अधिकारियों को स्ट्राचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट के पास क्वीन वेस्ट इलाके के एक घर के अंदर एक महिला मृत मिली।
बाद में महिला की पहचान भारतीय मूल की 30 वर्षीय टोरंटो निवासी हिमांशी खुराना के रूप में हुई। जाँच में पता चला कि उनकी हत्या की गई थी। खुराना 2025 में टोरंटो में हत्या की 40वीं शिकार थीं। पुलिस ने पहले बताया था कि खुराना और गफूरी एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच ‘इंटिमेट पार्टनर रिलेशनशिप’ था।
गफूरी के खिलाफ पूरे कनाडा में वारंट जारी
खुराना की मौत के बाद जाँचकर्ताओं ने गफूरी को मामले में संदिग्ध बताया और दिसंबर में फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप में उसकी गिरफ्तारी के लिए पूरे कनाडा में लागू होने वाला वारंट जारी किया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए उसकी तस्वीर भी जारी की थी।
कई महीनों के बाद गफूरी का पता लगा और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोगियों की मदद से उसे कनाडा वापस लाया गया। 7 अगस्त को उसे टोरंटो के एक एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। गफूरी को 8 अगस्त की सुबह कोर्ट में पेश किया जाना था, जहाँ उसे फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप का सामना करना था। इस आरोप की अदालत में अभी जाँच नहीं हुई है।
टोरंटो पुलिस ने कहा कि मामले की जाँच जारी है और उन्होंने हिमांशी खुराना की मौत या इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी रखने वाले लोगों से 416-808-7400 पर जाँचकर्ताओं से संपर्क करने की अपील की है। जानकारी क्राइम स्टॉपर्स के जरिए गुमनाम तरीके से भी दी जा सकती है।

