अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (28 दिसंबर 2025) को फ्लोरिडा के मार-ए-लागो रिजॉर्ट में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए संशोधित 20-पॉइंट शांति योजना पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात से पहले ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर लंबी बातचीत की, जिसे उन्होंने फायदेमंद बताया।
डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि हम बातचीत के आखिरी दौर में हैं और हम देखेंगे। नहीं तो यह बहुत लंबे समय तक चलेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रोसेस के लिए उनकी कोई डेडलाइन नहीं है। ट्रंप ने आगे बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शांति को लेकर बहुत गंभीर थे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा की गारंटी के लिए एक मजबूत समझौता होगा, जिसमें यूरोपीय देश शामिल होंगे।
ट्रंप ने यह भी कहा, “रूस चाहता है कि यूक्रेन सफल हो। यह बात थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन मैं प्रेसिडेंट को समझा रहा था, प्रेसिडेंट पुतिन यूक्रेन की सफलता के लिए बहुत उदार थे, जिसमें बहुत कम कीमतों पर एनर्जी, बिजली और दूसरी चीजें देना शामिल है। तो आज उस कॉल से बहुत अच्छी बातें सामने आईं।”
#WATCH | US President Donald Trump says, "We had a terrific meeting. We discussed a lot of things. As you know, I had an excellent phone call with President Putin. It lasted for over two hours. We discussed a lot of points. I do think we're getting a lot closer, maybe very close.… https://t.co/CIcoNCWJCo pic.twitter.com/PtwV8aqjbm
— ANI (@ANI) December 28, 2025
जेलेंस्की ने कहा, “हमने सभी विषयों पर शानदार बातचीत की और हम पिछले कुछ हफ्तों में अमेरिकी और यूक्रेनी टीमों द्वारा की गई प्रगति की सराहना करते हैं। हमने शांति फ्रेमवर्क के सभी पहलुओं पर चर्चा की। 20-पॉइंट शांति योजना पर 90 प्रतिशत सहमति बनी है। अमेरिका-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर 100 प्रतिशत सहमति बनी है और अमेरिका-यूरोप-यूक्रेन सुरक्षा गारंटी पर लगभग सहमति बन गई है। सैन्य आयाम पर 100 प्रतिशत सहमति बनी है।”
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “समृद्धि योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है और हमने आगे की कार्रवाई के क्रम पर भी चर्चा की। हम सहमत हैं कि स्थायी शांति प्राप्त करने में सुरक्षा गारंटी एक प्रमुख मील का पत्थर है और हमारी टीमें सभी पहलुओं पर काम करना जारी रखेंगी। यूक्रेन शांति के लिए तैयार है।”
बैठक के बाद दोनों नेताओं ने सकारात्मक संकेत दिए, हालाँकि क्षेत्रीय मुद्दों पर अभी चुनौतियाँ बाकी हैं। टीमें आगे काम जारी रखेंगी।

