दिल्ली के रामलीला मैदान के पास हिंसा भड़कने से पहले इलाके में गए थे सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी: पुलिस ने कहा- नोटिस भेजकर करेंगे कार्रवाई, रोल मिला तो करेंगे गिरफ्तार

दिल्ली के तुर्कमान गेट (रामलीला मैदान के पास) में हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक पाँच उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान कासिफ, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद अरीब, अदनान और समीर के रूप में हुई है। इन सभी पर मंगलवार और बुधवार (6-7 जनवरी 2026) की रात MCD की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला और पत्थरबाजी करने का आरोप है।

इस पूरे घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार (6 जनवरी 2026) रात करीब 11:15 बजे नदवी मौके पर पहुँचे थे और करीब एक घंटे तक स्थानीय लोगों के साथ बैठक की थी। मोहिबुल्लाह नदवी के जाने के कुछ घंटे बाद ही हिंसा भड़क उठी, जिसमें पाँच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस फिलहाल इस बात की जाँच कर रही है कि क्या हिंसा के पीछे उनकी कोई भूमिका थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी संलिप्तता के सबूत मिले, तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। सांसद नदवी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वे लोगों से शांति की अपील करने गए थे।

दूसरी ओर, पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर अन्य दंगाइयों की पहचान कर रही है। शुरुआती जाँच में संकेत मिले हैं कि इलाके में अफवाह फैलाकर जानबूझकर भीड़ जुटाई गई थी, जिसके बाद माहौल खराब हुआ। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।