AI इम्पैक्ट समिट में शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले यूथ कॉन्ग्रेस के 2 और कार्यकर्ता गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने अब तक 7 लोगों को दबोचा

AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस होकर प्रदर्शन करने वाले यूथ कॉन्ग्रेस के दो और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने (23 फरवरी 2026) सोमवार को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारियाँ हो चुकी है।

गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम अजय कुमार विमल और राजा गुर्जर बताए गए हैं। राजा गुर्जर यूथ कॉन्ग्रेस ग्वालियर का पूर्व अध्यक्ष है, जबकि अजय कुमार यूथ कॉन्ग्रेस भिंड का पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुका है।

इससे पहले सोमवार (23 फरवरी 2026) को ग्वालियर से जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस चार अन्य आरोपितों कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

चारों को पटियाला हाउस कोर्ट ने पाँच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने इस शर्टलेस प्रदर्शन को सार्वजनिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि इससे भारत की कूटनीतिक छवि को नुकसान पहुँचा है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जाँच के दौरान इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस नेता कृष्णा हरि की कार से विरोध प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए टी-शर्ट और पोस्टर बरामद किए गए हैं। इन टी-शर्टों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें थीं, जिनके साथ सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लिखे गए थे।