उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ दो मुस्लिम युवकों ने सनातन धर्म अपना लिया है। दोनों युवकों ने जिला प्रशासन को एक लिखित पत्र दिया है। इसमें उन्होंने भविष्य में हिंदू नाम से पहचाने जाने की गुजारिश की है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अयोध्या जिले के सोहावल तहसील क्षेत्र के रहने वाले हैं। अपना मजहब बदलने के बाद मोहम्मद अख्तर सिद्दीकी के पुत्र अरशद सिद्दीकी ने अपना नाम राकेश मौर्य रखा है। वहीं, दूसरे युवक मोनू पुत्र उस्मान ने अपना नाम बदलकर मनीष रखा है।
सनातनी परंपराएँ और संस्कृति करती आकर्षित
युवकों ने बताया कि उन्हें सनातनी परंपराएँ और संस्कृति बहुत आकर्षित करती हैं। वे दिन भर हिंदू भाइयों के बीच उठते-बैठते हैं और सभी तीज-त्योहारों में शामिल होते हैं। उन्हें सनातन धर्म से मानसिक शांति मिली है। इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया कि अब वे अपना शेष जीवन सनातन धर्म में ही बिताएँगे। दोनों मुस्लिम युवकों ने बताया कि इस्लाम में बहुत घुटन महसूस होती है।
दोनों युवकों ने संपूर्ण समाधान दिवस पर मजिस्ट्रेट को यह पत्र सौंपा, जिससे इसकी आधिकारिक पुष्टि हुई है। भरत हनुमान मिलन मंदिर के महंत परमात्मा दास और बजरंग दल मंत्री लालजी शर्मा ने यह आवेदन दिया। मंदिर ने उनकी ‘घर वापसी’ की पूरी जिम्मेदारी ली। इस दौरान उन्हें भगवा वस्त्र और धार्मिक पुस्तकें भेंट की गईं। युवकों ने यह भी बताया कि वे प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से बहुत प्रभावित हैं।

