छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई इलाके में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सारिका डाडिंगे और प्रियंका साईमन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएँ इलाके में घूम-घूमकर लोगों से संपर्क कर रही थीं और एक लकवाग्रस्त व्यक्ति के परिवार पर ईसाई मजहब अपनाने का दबाव बना रही थीं।
मामला तब सामने आया जब 36 वर्षीय घरेलू सहायिका रूखमणी पाण्डेय ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 25 जनवरी 2026 को दो महिलाएँ उनके घर पहुँचीं और बीमारी ठीक होने और आर्थिक मदद मिलने का लालच देकर धर्म परिवर्तन की बात करने लगीं।
उस समय परिवार ने कोई सहमति नहीं दी तो महिलाएँ लौट गईं। इसके बाद दोनों आरोपित फिर से घर पहुँचीं और बाइबिल पढ़ने, ईसाई धर्म अपनाने के बाद बेटी की शादी में सहयोग देने जैसे प्रलोभन देने लगीं। परिवार ने इसका विरोध किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। विवेचना के दौरान सारिका डाडिंगे और प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया गया। दुर्ग पुलिस के एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि दोनों महिलाओं को रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

