UAE ने पाकिस्तानियों के वीजा पर लगाया फुल स्टॉप, अपराध-भीख माँगना-ड्रग तस्करी से तंग आकर लिया फैसला: सिर्फ डिप्लोमेटिक पासपोर्ट को छूट

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए नए वीजा जारी करने पर रोक लगा दी है। यह खुलासा पाकिस्तान की सीनेट फंक्शनल कमेटी ऑन ह्यूमन राइट्स की बैठक में हुआ, जहाँ अतिरिक्त आंतरिक सचिव सलमान चौधरी ने बताया कि अपराधों में शामिल होने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर गहरी चिंता में है। उन्होंने कहा कि यदि औपचारिक प्रतिबंध लगाया गया, तो इसे हटाना बेहद कठिन होगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल के महीनों में UAE में पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा भीख माँगने, ड्रग तस्करी, मानव तस्करी, स्ट्रीट क्राइम और वीजा ओवरस्टे के मामलों में वृद्धि देखी गई है। इससे पहले भी UAE ने वीजा आवेदकों के लिए पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र (Police Character Certificate) अनिवार्य किया था। वर्तमान में UAE केवल नीले और कूटनीतिक पासपोर्ट धारकों को ही वीजा दे रहा है।

गल्फ देशों में हर साल 8 लाख से अधिक पाकिस्तानी नागरिक वीजा के लिए आवेदन करते हैं। लेकिन सऊदी अरब और UAE समेत कई देशों ने पिछले साल कम से कम 30 पाकिस्तानी शहरों के नागरिकों पर अनिश्चितकालीन वीजा रोक लगाई थी, क्योंकि बड़ी संख्या में पाकिस्तानी भीख माँगते या आपराधिक मामलों में पकड़े गए।

पाकिस्तानी अधिकारी अब राजनयिक स्तर पर स्थिति स्पष्ट करने और प्रतिबंध हटवाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि UAE ने हाल ही में ऑनलाइन वीजा सिस्टम और तेज प्रोसेसिंग की घोषणा भी की थी।