‘UFO के राज सामने लाना चाहते हैं, मिल रहीं धमकियाँ’: अमेरिका में व्हिसलब्लोअर्स का दावा, संदिग्ध मौतों से बढ़ा डर

अमेरिका में UFO (अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कुछ व्हिसलब्लोअर्स का दावा है कि वे सरकार के छिपे हुए राज सामने लाना चाहते हैं लेकिन इसके बदले उन्हें धमकियाँ, बदनाम करने की कोशिशें और करियर बर्बाद होने का खतरा झेलना पड़ रहा है।

इन मामलों को सामने लाने वाले खोजी पत्रकार जेरेमी कोरबेल का कहना है कि इन लोगों की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है, वे अपनी सुरक्षा, नौकरी और परिवार तक को खतरे में डाल देते हैं।

UFO देखने का दावा और बाद में परेशानियाँ

अमेरिकी वायुसेना के पूर्व कर्मचारी डायलन बोरलैंड  ने 2025 में कॉन्ग्रेस के सामने गवाही दी थी। उन्होंने दावा किया कि 2012 में उन्होंने वर्जीनिया के लैंगली एयर फोर्स बेस के पास करीब 100 फीट बड़ा काले रंग का त्रिकोणीय UFO देखा था।

उनके मुताबिक उस वस्तु से अजीब ऊर्जा निकल रही थी, फोन अचानक गर्म होकर बंद हो गया और आसपास बिजली जैसी गंध महसूस हुई। लेकिन गवाही देने के बाद उनकी जिंदगी मुश्किल हो गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम से फर्जी दस्तावेज बनाए गए, नौकरी के मौके रोके गए और उनकी छवि खराब करने की कोशिश हुई। उनका कहना है कि कुछ सरकारी एजेंसियाँ सच छिपाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें झूठा साबित करने के लिए रिकॉर्ड्स तक में बदलाव किए गए।

संदिग्ध मौत और बढ़ता डर

इस मामले में एक और नाम सामने आया है, मैथ्यू सुलिवन जो 2024 में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वे UFO से जुड़े एक सीक्रेट प्रोग्राम पर गवाही देने वाले थे। FBI और कॉन्ग्रेस इस मामले की जाँच कर रहे हैं, जिससे शक और गहरा गया है।

इसके अलावा मैथ्यू ब्राउन नाम के एक अन्य अधिकारी ने बेदाग तारामंडल नाम के गुप्त प्रोग्राम का दावा किया, जिसमें UFO डेटा इकट्ठा किया जाता है। उन्होंने कहा कि उनके घर में घुसपैठ हुई, सोशल मीडिया पर निगरानी रखी गई और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई।