विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित राजीव गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। आयोग ने इस संस्थान को फर्जी करार देते हुए छात्रों और अभिभावकों को यहाँ प्रवेश न लेने की सख्त सलाह दी है। UGC ने स्पष्ट किया है कि यह संस्थान किसी भी तरह से मान्यता प्राप्त नहीं है और इसके द्वारा जारी की गई डिग्रियाँ कानूनी रूप से मान्य नहीं होंगी।
UGC द्वारा 25 मार्च 2026 को जारी नोटिस में कहा गया है कि यह संस्थान UGC अधिनियम 1956 की धारा 2(f) और धारा 3 के तहत मान्यता प्राप्त नहीं है। ऐसे में यह किसी भी प्रकार की स्नातक (UG) या स्नातकोत्तर (PG) डिग्री प्रदान करने का अधिकार नहीं रखता। आयोग ने यह भी साफ किया कि अब तक इस संस्थान द्वारा जारी की गई सभी डिग्रियां उच्च शिक्षा और सरकारी नौकरियों के लिए मान्य नहीं हैं।
📢 UGC has declared Rajeev Gandhi Institute of Technology & Management, Alwar (Rajasthan) as a fake institution.
— UGC INDIA (@ugc_india) March 28, 2026
⚠️ The institute is not recognised and is not authorised to award any UG/PG degrees. Any degree issued by it is not valid for higher education or government… pic.twitter.com/CsuxNMu8oW
फर्जी यूनिवर्सिटी की सूची में शामिल
यह कार्रवाई उस समय सामने आई है जब UGC ने फरवरी 2026 में 12 राज्यों में फैली 32 फर्जी यूनिवर्सिटीज की अपडेटेड सूची जारी की थी। राजीव गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट को भी इसी सूची में शामिल किया गया है।
UGC ने एक बार फिर दोहराया है कि ऐसे फर्जी संस्थानों से प्राप्त डिग्रियों को न तो सरकारी नौकरी में स्वीकार किया जाएगा और न ही आगे की पढ़ाई के लिए मान्यता मिलेगी। आयोग ने छात्रों से अपील की है कि किसी भी संस्थान में प्रवेश लेने से पहले उसकी मान्यता UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जाँच लें।

