उज्जैन के तराना में फिर भड़की हिंसा, भीड़ ने की पत्थरबाजी-बसों में आगजनी: VHP नेता पर हमले के बाद 300 जवान तैनात, ड्रोन से की जा रही निगरानी

उज्जैन जिले के तराना कस्बे में सोहेल ठाकुर पर हमले के बाद फिर हिंसा भड़क उठी। उपद्रवियों ने कई घरों पर पत्थरबाजी की और बस स्टैंड पर खड़ी एक बस को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए 300 अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं और ड्रोन से निगरानी कर रही है।

घटना की शुरुआत गुरुवार (22 जनवरी 2026) को बड़े राम मंदिर के सामने सुखला गली में हुई जहाँ विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर (बुंदेला) खड़े थे। ईशान मिर्जा और कुछ अन्य युवक वहाँ पहुँचे और उनसे खड़े होने को लेकर सवाल किया। बात बढ़ते-बढ़ते कहासुनी और फिर झगड़े में बदल गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल ठाकुर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उज्जैन रेफर किया गया। पुलिस ने सप्पन मिर्जा, ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया। इनमें से पाँच को गिरफ्तार कर लिया गया है, एक की तलाश जारी है।

गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे विवाद बढ़ने पर उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों में तोड़फोड़ की और एक बस फूँक दी। पुलिस ने धारा 144 लागू कर बल प्रयोग से भीड़ को खदेड़ा और क्षेत्र में अतिरिक्त फोर्स तैनात की।

शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को भी तनाव बना रहा। बाजार बंद रखे गए और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है। इसी बीच पूर्व पार्षद आजाद खान की स्क्रैप दुकान में आग लग गई। आजाद खान ने कहा कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है।

शुक्रवार सुबह विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तराना थाने का घेराव किया। नारेबाजी करते हुए आरोपितों का जुलूस निकालने और उनके घर तोड़ने की माँग की।

पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। अंत में वे थाने के सामने धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। प्रशासन ने शांति की अपील की है।