ISIS स्टाइल में PM मोदी की ‘हत्या’ की साजिश: UK में भारतीय दूतावास के बाहर मुखौटा पहनाकर दी गई शख्स को ‘फाँसी’, भारत ने की कार्रवाई की माँग

ब्रिटेन के बर्मिंघम में भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर बनाया गया एक बेहद भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पीएम मोदी का मुखौटा पहने एक व्यक्ति को ISIS स्टाइल में ‘फाँसी’ देते हुए दिखाया गया है।

यह वीडियो कथित तौर पर बर्मिंघम में भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थित रामगी हाउस के बाहर फिल्माया गया है। इसमें एक व्यक्ति को पीएम नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहने और चमकीले भगवा रंग के जंपसूट में दिखाया गया है। उस व्यक्ति को काले रंग के तीन नकाबपोश लोग जबरदस्ती पकड़ रहे हैं।

आईएसआईएस स्टाइल में नकाबपोश ‘मोदी के मुखौटे’ को घुटनों के बल बिठा देते हैं और ‘कश्मीर आजाद होगा!’ और “मोदी की विदेश नीति: तेल अवीव में बनी!” जैसे भड़काऊ नारे लिखे पोस्टर लहराते हैं।

एक नकली ‘लाइव ब्रेकिंग न्यूज’ के वीडियो को ‘दीनीफाइड’ नाम के ग्रुप ने जारी किया है। इसमें एक प्रवक्ता सीधे कैमरे को संबोधित करते हुए कहता है कि समूह ने ‘नरेंद्र मोदी को गिरफ्तार कर लिया है’ और भारत के प्रधानमंत्री को ‘नरसंहारकर्ता’ बताता है। वीडियो में जनांदोलन का आह्वान करते हुए समर्थकों को आंदोलन में शामिल होने का आग्रह करता है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ‘एक दिन हम मोदी को इसी तरह हथकड़ियों में देखेंगे’।

यह घटना खालिस्तानी समर्थकों और दूसरे आतंकी समूहों के प्रदर्शन के दौरान सामने आई है। इसको लेकर भारत ने ब्रिटेन के अधिकारियों के सामने विरोध दर्ज किया है और कड़ी कार्रवाई की माँग की है।