भारत-पाक बॉर्डर पर गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी सौगात, भुज में ₹175 करोड़ के ‘G-7 बॉर्डर आउटपोस्ट’ का उद्घाटन: बोले- ‘हरामी नाला’ क्षेत्र में अब अभेद्य हुई सुरक्षा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (29 मई 2026) को गुजरात के भुज में भारत-पाकिस्तान सीमा पर ‘G-7 बॉर्डर आउटपोस्ट’ का उद्घाटन किया। लगभग 175 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह परियोजना सरहद की सुरक्षा को और मजबूत करेगी।

इस मौके पर गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। अमित शाह ने यहाँ BSF जवानों से मुलाकात की और उनके साथ चाय भी पी। अमित शाह ने बताया कि हरामी नाला इलाका सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण रहा है।

इस दलदली क्षेत्र में टावर खड़े करना और सुरक्षा ढांचा तैयार करना बहुत मुश्किल था। लेकिन सभी तकनीकी और भौगोलिक चुनौतियों को पार कर लिया गया है। सुरक्षा को पक्का करने के लिए सीमा चौकियों के आसपास की जमीन को करीब 3.75 मीटर तक ऊँचा किया गया है। उन्होंने खुद तीन महीने तक रोज इस प्रोजेक्ट की निगरानी की थी।

सीमा सुरक्षा के लिए G-7 और G-13 प्रोजेक्ट समर्पित

गृह मंत्री के मुताबिक, G-7 और G-13 परियोजनाएँ देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने के लिए समर्पित हैं। यह बॉर्डर एरिया में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने सरहद पर तैनात BSF जवानों की हौसलाअफजाई की और परिसर में एक नीम का पौधा भी लगाया।

बंगाल की फेंसिंग पर भी बोले शाह

पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि अधूरी फेंसिंग देश की सुरक्षा के लिए बड़ी कमजोरी थी। उन्होंने दावा किया कि राज्य में BJP सरकार बनने के बाद अब फेंसिंग के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया तेज हो गई है।