उत्तर प्रदेश के बलिया में 14 साल के छात्र के साथ गुलाम मुस्तफा ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपित शिक्षक को पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेज दिया है। वहीं शिक्षक को सस्पेंड कर बेसिक शिक्षा विभाग ने जाँच शुरू कर दी है।
पूरा मामला तब सामने आया जब छात्र ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसी आधार पर परिजनों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, 05 जुलाई 2026 को प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक मुस्तफा उर्फ पप्पू ने छात्र को अपने घर पर फर्नीचर का काम करने के बहाने घर पर बुलाया।
छात्र को घर पर बुलाकर भीतर से दरवाजा बंद कर लिया और दुष्कर्म करने की कोशिश की। छात्र ने बताया कि वह किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुँचा और परिजनों की घटना की पूरी जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत पुलिस थाने जाकर मुस्तफा के खिलाफ शिकायत की।
पीड़ित के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने सोमवार (06 जुलाई 2026) को आरोपित गुलाम मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने भी आरोपित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि आरोपित शिक्षक को 09 जुलाई 2026 को सस्पेंड कर दिया गया है। इसी के साथ आरोपित के खिलाफ जाँच के भी आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जाँच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निंदनीय घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया है। आसपास के लोग आरोपित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग कर रहे हैं।

