UP का जलालाबाद अब बना ‘भगवान परशुराम पुरी’, CM योगी की मौजूदगी में कैबिनेट ने दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश सरकार ने शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद तहसील का नाम बदलने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सोमवार (6 जुलाई 2026) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में जलालाबाद तहसील का नया नाम ‘भगवान परशुराम पुरी’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद अब नाम परिवर्तन से जुड़ी आवश्यक प्रशासनिक और राजस्व संबंधी प्रक्रियाएँ पूरी की जाएँगी। इसके बाद नए नाम को सरकारी अभिलेखों और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री सहित कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े करीब 28 अहम प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई। बैठक के बाद आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि प्रदेश में निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘स्टार्टअप मिशन’ की स्थापना के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 और डेटा सेंटर नीति-2026 को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है। सरकार का मानना है कि इन नीतियों से निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश की डिजिटल एवं औद्योगिक अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।