उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर बड़ा बयान दिया है। लखनऊ में आयोजित ‘पंचायत आजतक उत्तर प्रदेश’ कार्यक्रम में सीएम योगी ने साफ कहा है कि इस मामले में 6 चोरों समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और नैतिक आधार पर दो इस्तीफे भी हुए हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस घटना के नाम पर अयोध्या और हिंदू आस्था को बदनाम करना बिल्कुल गलत हैं।
सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर का प्रबंधन एक स्वतंत्र ट्रस्ट देखता है। सरकार को इसमें सीधे दखल देने का कोई हक नहीं है। लेकिन जब ट्रस्ट ने राज्य सरकार से मदद माँगी, तो तुरंत SIT का गठन किया गया। जाँच रिपोर्ट सामने आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन शुरू हो गया। Video में चोरी करते दिखे 6 लोगों को तुरंत जेल भेजा गया। चोरी में मदद करने वाले 2 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सीएम योगी ने विपक्ष की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने खुद देश के खजाने को लूटा, आज उन्हें राम मंदिर का चढ़ावा याद आ रहा है। वे अपनी पुरानी डकैतियों पर बात नहीं करते हैं। पूर्व की सरकारों में बड़े-बड़े घोटाले आम बात थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या की घटना से सभी रामभक्तों की भावनाएँ आहत हुई हैं, लेकिन इसके जरिए पूरी अयोध्या को बदनाम करने की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
LIVE | हैट्रिक लगाएंगे योगी! क्या है उत्तर प्रदेश को लेकर सरकार का रोडमैप और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति, जानिए प्रदेश के सीएम Yogi Adityanath से #PanchayatAajTakUP2026 #ATLivestream #YogiAdityanath #UttarPradesh | @myogiadityanath
— AajTak (@aajtak) July 15, 2026
https://t.co/EyMgpImTLb
तुष्टीकरण की राजनीति पर तीखा प्रहार
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कॉन्ग्रेस का नाम लिए बिना उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहते थे कि राम और विष्णु का कोई अस्तित्व ही नहीं है, वे आज आस्था का ढोंग कर रहे हैं। विपक्ष ने हमेशा राम मंदिर निर्माण की राह में रोड़े अटकाने का काम किया। सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर विपक्ष इतना ही सेक्युलर था, तो उसने किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ क्यों नहीं करवाया।
उन्होंने आगे कहा कि 2017 से पहले की सरकारों में अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई गई थी। उस समय उत्तर प्रदेश के सामाजिक वातावरण को पूरी तरह खराब करने की कोशिश की गई थी। जिन लोगों ने अयोध्या में निहत्थे रामभक्तों पर गोलियाँ चलवाई थीं, आज उनका आस्था की बात करना बेहद हास्यास्पद लगता है। सपा के दावों पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि जो कहते थे कि वहाँ परिंदा भी पर नहीं मार सकता, आज उसी अयोध्या में रोज लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और त्योहारों का नया माहौल
सीएम योगी ने अपने 9 साल के कार्यकाल की उपलब्धियाँ भी जनता के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के आते ही डर का माहौल बन जाता था। काँवड़ यात्रा, रामनवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा पंडालों पर रोक लगा दी जाती थी। जगह-जगह पथराव होते थे और कर्फ्यू लगा दिया जाता था। पिछली सरकारें दंगों को रोकने के बजाय धार्मिक आयोजनों को ही बंद करवा देती थीं।
आज उत्तर प्रदेश में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। अब चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो या ईसाई, सभी समुदाय के लोग अपने त्योहार बेहद शांति और खुशी के साथ मनाते हैं। त्योहारों के बाद लोग खुद आकर सरकार को धन्यवाद देते हैं। राज्य में अब अराजकता और गुंडागर्दी का खात्मा हो चुका है। आज उत्तर प्रदेश के सभी धार्मिक स्थल देश के लिए एक बेहतरीन मॉडल बन चुके हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है।

