उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ब्यूटी पार्लर संचालिका गरीब लोगों को लालच देकर ईसाई बनाती। वह खुद भी यूट्यूब देखकर प्रार्थना सभा गाती, जो चर्च में पादरी का काम है। सहजनवाँ क्षेत्र में बीमारी ठीक करने के बहाने गरीब हिंदू परिवारों को ईसाई बनने को ब्रेनवॉश करते महिला को पकड़ा गया।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने 100 लोगों के धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान ब्यूटी पार्लर संचालिका लक्ष्मी यादव और रोशनी के रूप में हुई है। उनके पास से बाइबिल, शुभ समाचार पुस्तिका, मसीही गीत किताब, कुछ फोटो, पुरानी डायरी में कई तंत्र लिखे मिले और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस को एक रुमाल भी मिला, जिसे बीमार लोगों पर रखते ही बीमारियाँ दूर करने का दावा किया जाता था। इसके अलावा मोबाइल फोन में धर्म परिवर्तन से जुड़े कई वीडियो मिले। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी यूट्यूब देखकर ईसाई धर्म की जानकारी लेती थी। यूट्यूब पर वीडियो से ही उसने प्रार्थना सीखी। साथ ही फोन में कई नंबर भी मिले, जिससे शक है कि उसका नेटवर्क आसपास के कई गाँवों तक फैला हुआ है।
पाँच साल से कर रही ईसाई प्रार्थना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में लक्ष्मी ने बताया कि उसका पति छोड़कर जा चुका है। लक्ष्मी को 5 साल पहले उसे पथरी हुई। कई जगह इलाज कराने के बाद भी दर्द कम नहीं हुआ। तब किसी के बताने पर बहराइच इलाज कराने गई तो वहाँ एक किताब की गई और कहा गया कि रोज प्रार्थना करो। लक्ष्मी ने कहा कि प्रार्थना करने से उसका दर्द ठीक हो गया।
इसके बाद लक्ष्मी ने इंटरनेट पर ईसाई धर्म के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। वीडियो देखकर प्रार्थना सीखी और गाँव के लोगों के लिए सभा आयोजित करने लगी। हर रविवार खास प्रार्थन सभा कराई जाती है, जिसमें गरीब हिंदू परिवारों को टारगेट कर ईसाई धर्म अपनाने को ब्रेनवॉश किया जाता है।
पुलिस ने FIR पर की कार्यवाही
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार (30 सितंबर 2025) को सहजनवाँ क्षेत्र के भगौरा गाँव में लक्ष्मी के घर में इलाज के नाम पर 100 महिलाओं को ईसाई बनने के लिए ब्रेनवॉश किया जा रहा था। इन महिलाओं को इलाज और दवा का लालच दिया गया। इसके लिए घर में चंगाई प्रार्थना चल रही थी। इस सभा की सूचना पर पहुँचे विश्व हिंदू परिषद ने विरोध किया। इस पर महिलाओं की उनसे झड़प भी हुई।
हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति संभाली। मामले में सौरभ जायसवाल नाम के व्यक्ति ने तहरीर दी, जिसपर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने लक्ष्मी यादव और 5 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

