उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले स्थित चहका गुनार गाँव में 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जमकर बवाल हुआ। पुलिस के अनुसार, यादव समाज के लोगों ने बाबा साहेब की शोभायात्रा पर हमला किया। लोगों ने छतों से पुलिस और शोभायात्रा पर पथराव किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर रही है। अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कासगंज SP ओपी सिंह ने बताया कि पूरे कासगंज जिले में 10 थानाक्षेत्रों में 50 से अधिक शोभायात्राएँ निकली, जो नियम और कानूनों की तर्ज पर आदेशानुसार निकाली गईं। लेकिन चहका गुनार गाँव में परंपरागत बाबा साहेब की शोभायात्रा पर यादव समाज ने सुनियोजित हमला किया। उन्होंने कहा कि यह कातिलाना हमला था, जिसमें कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
आज दिनांक 14-04-2026 को जनपद के थाना सहावर क्षेत्रान्तर्गत गाँव चहका गुनार में परम्परागत रूप से बाबा साहेब अम्बेडकर जी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी जिसको एक जाति विशेष के असामाजिक तत्वों द्वारा रोकने का प्रयास करते हुए रास्ते को ट्रैक्टर ट्राली एवं अन्य वाहनों से अवरुद्ध किया… pic.twitter.com/Kk1jS21Hnn
— KASGANJ POLICE (@kasganjpolice) April 14, 2026
बाबा साहेब की शोभायात्रा का रास्ता रोका
जानकारी के अनुसार, चहका गुनार गाँव में मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को दोपहर करीब 2.45 बजे शोभायात्रा निकलनी शुरू हुई। शोभायात्रा आगे बढ़ते-बढ़ते गाँव की एक गली में पहुँची, जहाँ यादव समाज के लोग रहते हैं। यहाँ लोगों ने ट्रैक्टर, थ्रेशर और अन्य वाहन खड़े कर शोभायात्रा का रास्ता रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
शोभायात्रा निकालने वाले लोगों का कहना था कि यह पुलिस की अनुमति के साथ निकाली जा रही है। इसके बावजूद यादव समाज के लोगों ने रास्ते से वाहन नहीं हटाए। दोनों पक्षों में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
घर की छतों से बरसाए ईंट-पत्थर, पुलिस की कार्रवाई
देखते ही देखते घर की छतों से ईंट-पत्थर चलने लगे। मौके पर पुलिस बल पहुँची। लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस को भी नहीं बख्शा। उपद्रवियों ने पथराव जारी रखा। इस पथराव में सहावर थाने में तैनात सिपाही अश्वनी मलिक घायल हो गए।
स्थिति अनियंत्रित होते देख ASP सुशील कुमार, ADM दिग्विजय सिंह, SDM एसएन त्रिपाठी और CO सहावर शाहिदा नसरीन कई थानों की पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने उपद्रवियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ढेर घंटे तक पथराव चलता रहा। इसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आँसू गैस के गोले छोड़े और हल्के बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। इनमें से भी कई उपद्रवी फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
देररात रवाना हुई शोभायात्रा
इसके बाद शाम 7 बजे जिलाधिकारी प्रणय सिंह और SP ओपी सिंह गाँव में हालात का जायजा लेने पहुँचे। फिर देर रात शोभायात्रा आगे रवाना हुई। गाँव में अब भी भारी पुलिस बल तैनात है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

