बिना लाइसेंस नजीम घर पर बना रहा था पटाखे, UP पुलिस ने छापा मारकर दबोचा: 200Kg गन कॉटन पाउडर समेत तरह-तरह के क्रैकर्स बरामद, हापुड़ के थाने में FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामान बरामद किया है। पुलिस ने बाबूगढ़ थानाक्षेत्र के फतेहपुर गाँव में अवैध पटाखे बनाने वाले घर में छापेमारी की। छापेमारी में पुलिस ने 200 किलो गन कॉटन पाउडर और लगभग 2 हजार बेलन के आकार वाले मोमबत्ती वाले पटाखे बरामद किए। इसके अलावा पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और औजार भी मिले।

हापुड़ के पुलिस अधीक्षक वरुण मिश्रा ने बताया कि इस मामले में नजीम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस अवैध काम में और भी लोग शामिल थे, जिनकी तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। मामले में विस्फोटक और जनसुरक्षा से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पूरा मामला बाबूगढ़ थाने का है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5 और 9’ब’ के तहत दर्ज किया गया है। FIR के अनुसार, घटनास्थल फतेहपुर कुचेसर चौपला है, जो थाने से करीब 7 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने जब्त किया गया सारा सामान आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने ले जाकर सुरक्षित कर लिया है।

FIR की कॉपी का स्क्रीनशॉट (फोटो साभार: UP Police)

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई 19 जनवरी 2026 को नियमित गश्त के दौरान शुरू हुई थी। सब-इंस्पेक्टर ओंकार अपनी टीम के साथ इलाके में किराएदारों की जाँच कर रहे थे, तभी उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक घर के भीतर संदिग्ध गतिविधियाँ चल रही हैं।

जब पुलिस उस घर पर पहुँची, तो नजीम ने दरवाजा खोला। तलाशी के दौरान घर के भीतर बड़े-बड़े कार्टन मिले, जिनमें पटाखों के खोल, पैकिंग का सामान और पटाखे बनाने की अन्य सामग्री भरी हुई थी। पूछताछ में नजीम ने बताया कि उसने यह मकान एक हफ्ते पहले राहुल नाम के व्यक्ति से ₹6 हजार महीने के किराए पर लिया था। नजीम ने कबूल किया कि वह अपने साथियों नाजिम, शाहरुख और जुबैर के साथ मिलकर ‘अनार’ पटाखे बना रहा था और इसके लिए उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था।

FIR की कॉपी का स्क्रीनशॉट (फोटो साभार: UP Police)

मौके से जो पटाखे मिले, वे लाल और चांदी रंग की फॉयल में लिपटे हुए थे और नीचे की तरफ इलेक्ट्रॉनिक तार लगे हुए थे। इसके अलावा पुलिस ने 27 गट्ठर खाली प्लास्टिक के खोल, दो प्रेशर मशीन, दो हथौड़े, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और बड़ी मात्रा में पैकिंग का सामान भी जब्त किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।