गंगा नदी में फिर हुई चिकन पार्टी, वीडियो वायरल: UP पुलिस ने 5 को किया गिरफ्तार, नाव भी सीज

उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी में गंगा नदी के बीचोबीच चिकन खाया गया और शराब पार्टी की गई। यह सब बीजेपी पार्षद की नाव में हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सभी पाँच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला दशाश्वमेध घाट का है। सामने आई वीडियो में सभी पाँच आरोपित नाव में चिकन और शराब पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तुरंत वीडियो में दिख रहे सभी पाँच आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनकी नाव को भी सीज कर दिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी शामिल हैं। सभी की उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच है।

वहीं दशाश्वमेल एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो देखने से पुराना लग रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वीडियो में बीजेपी पार्षद कहीं नहीं दिख रहे हैं, जरूर नाव उनकी या उनके किसी परिवार के सदस्य की है।

इससे पहले भी वाराणसी में गंगा नदी में इफ्तार पार्टी करते हुए कुछ युवकों का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया था। इन युवकों ने चिकन बिरयानी खाकर हड्डियाँ गंगा नदी में फेंकी थीं।