पाकिस्तान में फौज प्रमुख आसिम मुनीर के बढ़ते प्रभाव और कथित तानाशाही रवैये को लेकर अमेरिका में राजनीतिक चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए, अमेरिकी कॉन्ग्रेस के 49 सदस्यों ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो को एक कड़ा पत्र लिखा है, जिसमें तत्काल हस्तक्षेप की माँग की गई है। सांसदों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान में लोकतांत्रिक ढाँचा कमजोर हो रहा है और सैन्य नेतृत्व संविधान से ऊपर उठकर फैसले ले रहा है।
पत्र में स्पष्ट रूप से माँग की गई है कि अमेरिका उन पाकिस्तानी अधिकारियों को निशाना बनाए जो लोकतंत्र और मानवाधिकारों के दमन में शामिल हैं। सांसदों का कहना है कि ऐसे व्यक्तियों पर तत्काल एंट्री बैन लगाया जाना चाहिए और उन्हें किसी भी हालत में अमेरिका आने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।
Pakistan is facing an escalating crisis of authoritarianism, where democratic institutions and fundamental freedoms are being systematically dismantled: Several uS Lawmakers write to US Secretary of State Rubio pic.twitter.com/E0dYXbcRpA
— Sidhant Sibal (@sidhant) December 4, 2025
चिंता की मुख्य वजह यह है कि पाकिस्तान में संविधान संशोधन के जरिए फौज प्रमुख को ‘फील्ड मार्शल’ जैसा एक असाधारण पद देने की तैयारी है, जिसके पास थल, वायु और नौसेना की संयुक्त कमान होगी और जिसके खिलाफ कोई कानूनी कार्यवाही नहीं हो सकेगी।
अमेरिकी सांसदों ने आरोप लगाया है कि यह पूरी प्रक्रिया लोकतंत्र की औपचारिक समाप्ति की ओर इशारा करती है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में सत्ता विरोधी आवाजों को दबाया जा रहा है, लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, यातनाएँ दी जा रही हैं और विदेशों में रह रहे नागरिकों के रिश्तेदारों को भी प्रताड़ित किया जा रहा है। सांसदों ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए, तो पाकिस्तान एक स्थायी सैन्य शासन की ओर बढ़ सकता है।

