अमेरिका के मिसिसिपी राज्य के क्ले काउंटी में शुक्रवार रात (9 जनवरी 2026) तीन अलग-अलग जगहों पर हुई गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक 7 साल की बच्ची और एक लोकल चर्च का पादरी भी शामिल है। पुलिस ने 24 साल के डारिका मूर को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है, जिसे कैपिटल मर्डर में बदला जा सकता है।
क्ले काउंटी शेरिफ एडी स्कॉट ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपित ने सबसे पहले अपने परिवार के मोबाइल होम में पिता ग्लेन मूर (67), भाई क्विंटन मूर (33) और अंकल विली एड गुइन्स (55) को गोली मार दी। इसके बाद वह भागा और दूसरी जगह पर अपनी 7 साल की कजिन बच्ची की हत्या कर दी।
तीसरी जगह पर सिलोम-ग्रिफिथ रोड में आरोपित ने दो भाइयों बैरी ब्रैडली और सैमुअल ब्रैडली को गोली मार दी। इनमें से एक लोकल अपोस्टोलिक चर्च का पादरी था। शेरिफ के अनुसार, पादरी का परिवार आरोपित के परिवार से जुड़ा हुआ था।
शेरिफ एडी स्कॉट ने घटना को बेहद भयावह बताया। डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी स्कॉट कोलॉम ने कहा, “यह बेहद डरावना था।” उन्होंने डेथ पेनल्टी की माँग करने की बात कही। आरोपित को सुबह करीब 3 बजे पुलिस रोडब्लॉक पर पकड़ा गया। वह परिवार की गाड़ी चुराकर भाग रहा था। पुलिस ने बताया कि यह 2017 के बाद मिसिसिपी में सबसे बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है, जब 8 लोग मारे गए थे।

