रेलवे ट्रैक पर 10 फीट लंबा लोहे का पाइप रखकर मालगाड़ी को की कोशिश, लोको-पायलट की समझदारी से टला हादसा: उत्तर प्रदेश के बड़ौत की घटना, CCTV से पुलिस खोज रही आरोपित

उत्तर प्रदेश के बड़ौत में बुधवार (10 दिसंबर 2025) की शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर ग्राम बावली और कासिमपुर खेड़ी के बीच अज्ञात असामाजिक तत्वों ने करीब 10 फीट लंबा और 3 इंच मोटा लोहे का पाइप ट्रैक पर रख दिया था।

शाम 7:47 पर जैसे ही एक मालगाड़ी इस ट्रैक से गुजरने वाली थी, तब ही लोको पायलट सुभाष चंद्रा की नजर पाइप पर पड़ गई। उन्होंने फौरन इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।

रुकने के दौरान ट्रेन पाइप से टकराई भी, लेकिन बड़ा नुकसान नहीं हुआ। लोको पायलट ने पाइप को ट्रैक से हटाकर अपने केबिन में सुरक्षित रख लिया और 8:16 पर ट्रेन को आगे बढ़ाया। इसके बाद कासिमपुर खेड़ी स्टेशन पहुँचकर उन्होंने अधिकारियों को पूरी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुँचे और जाँच शुरू की। रेलवे अधिकारियों ने माना कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गंभीर दुर्घटना की नीयत से पाइप रखा था, जिससे जानमाल की भारी क्षति हो सकती थी। स्टेशन मास्टर शशीभूषण ने रेलवे एक्ट के तहत बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज की मदद से आरोपित की तलाश की जा रही है।