सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद, बाबा के बुलडोजर ने एक घंटे में किया समतल: 18 साल से चल रहा था विवाद, बरेली का मामला

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के पिपरिया गाँव में शनिवार (7 फरवरी 2026) को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनी एक मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, जिस जमीन पर मस्जिद बनी थी, वह राजस्व अभिलेखों में श्रेणी-5 की सरकारी बंजर जमीन के रूप में दर्ज थी, जिस पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। SDM सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि इस जमीन को लेकर वर्ष 2008 से कानूनी विवाद चल रहा था।

तहसीलदार न्यायालय ने पहले ही निर्माण को अवैध मानते हुए बेदखली के आदेश पारित कर दिए थे। इसके बाद मामला सिविल कोर्ट पहुँचा, जहाँ से भी संबंधित पक्ष को कोई राहत नहीं मिली और मुकदमा खारिज हो गया। कोर्ट की सभी बाधाएँ समाप्त होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।

शनिवार (7 फरवरी 2026) की दोपहर भारी पुलिस बल और PAC की मौजूदगी में दो बुलडोजरों की मदद से करीब 300 वर्गगज में बनी मस्जिद को एक घंटे के भीतर जमींदोज कर दिया गया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या न हो।