उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ 25 वर्षीय युवक विनय उर्फ इमरान का शव उसके किराए के कमरे में फाँसी के फँदे से लटका हुआ मिला। यह घटना कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक विनय मूल रूप से बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा का रहने वाला था। करीब 4 साल पहले उसने मुस्कान नाम की युवती से लव मैैरिज की थी। विनय ने मुस्कान के लिए अपना धर्म परिवर्तन कर लिया और अपना नाम बदलकर इमरान रख लिया। इस फैसले के बाद उसके अपने परिवार से रिश्ते लगभग खत्म हो गए थे। उसका परिवार बरेली छोड़कर रामपुर जिले के बिलासपुर में जाकर बस गया था।
विवाह के बाद विनय और मुस्कान नकटिया इलाके में मीट फैक्ट्री के पास एक किराए के कमरे में रहने लगे थे। विनय ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। दोनों की दो बेटियाँ हैं। घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जानकारी के अनुसार, विनय ने गुस्से में आकर मुस्कान के साथ मारपीट की। इसके बाद विनय ऑटो लेकर घर से निकल गया जबकि हुई मुस्कान अपने मायके बिचपुरी चली गई।
दिन में हुए इस विवाद के बाद शाम को दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई लेकिन तनाव कम होने के बजाय और बढ़ गया। रात करीब 10:45 बजे विनय ने अपनी माँ को फोन किया। विनय के भाई ने इस बातचीत को लेकर बताया कि बातचीत के दौरान उसने भावुक होकर माँ से कहा कि उसने मुस्कान के लिए अपना धर्म बदलकर और परिवार से रिश्ता तोड़कर बहुत बड़ी गलती कर दी। यह बातचीत उसके जीवन की आखिरी बातचीत साबित हुई।
कुछ समय बाद जब मुस्कान ने दोबारा फोन किया तो विनय का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। अनहोनी की आशंका से घबराकर वह अपनी माँ और दोनों बेटियों के साथ कमरे पर पहुँची और वहाँ विनय का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

