उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की एक बड़ी और खौफनाक साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने किरतपुर के रहने वाले अबुजर उर्फ राईन को गिरफ्तार किया है, जिसे खास तौर पर हिंदू समाज के लोगों की गाड़ियाँ जलाने का ‘टारगेट’ दिया गया था।
आरोपित अबुजर ने पैसों के लालच में आकर धार्मिक शब्द लिखी एक पिकअप गाड़ी में आग लगाई और उसका Video बनाकर अपने आकाओं को भेजा। पुलिस अब इस साजिश के तार मुंबई और टेलीग्राम नेटवर्क से जोड़कर देख रही है।
मदद के नाम पर नफरत का सौदा
आरोपित अबुजर गुरुग्राम में सैलून का काम करता था, लेकिन बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण वह परेशान था। उसने अपने मुंबई में रहने वाले मौसेरे भाई जैद से 5 हजार रुपए की मदद माँगी।
जैद ने उसे टेलीग्राम पर ‘अबूबकर’ नाम के शख्स से मिलवाया। अबूबकर ने मदद के बदले शर्त रखी कि उसे ऐसी गाड़ियों में आग लगानी होगी जिन पर हिंदू धर्म से जुड़े शब्द लिखे हों। आरोपित को लालच दिया गया था कि Video भेजने पर उसे बड़ी रकम मिलेगी।
CCTV और मोबाइल से खुला राज
इसी साजिश के तहत अबुजर ने 4 मार्च की रात किरतपुर के झंडा चौक पर एक पिकअप गाड़ी को पेट्रोल डालकर फूँक दिया। वारदात के बाद वह वापस गुरुग्राम भाग गया। पुलिस ने जब CCTV फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की जाँच की, तो अबुजर का चेहरा सामने आ गया।
12 मार्च को जैसे ही वह वापस लौटा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके मोबाइल से कई अहम सुराग और टेलीग्राम चैट मिली हैं। पुलिस की एक टीम अब मुंबई रवाना हुई है ताकि इस साजिश के मुख्य सूत्रधार तक पहुँचा जा सके।

