उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर में राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार (6 जून) को अवैध रूप से चल रहे ‘शिफा अस्पताल’ को सील कर दिया है। अस्पताल के संचालक झोलाछाप फैजान पर वहाँ काम करने वाली एक हिंदू दलित युवती से दुष्कर्म, गर्भवती करने और जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित फैजान के साथ ही उसके तीन मददगारों शाहनवाज, आरिफ और फरमान को भी गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपित फैजान ने शादी का झांसा देकर एक साल तक उसका यौन शोषण किया। जब वह गर्भवती हुई, तो उस पर गर्भपात कराने और धर्म बदलने का दबाव बनाया गया।
बाद में पता चला कि फैजान पहले से शादीशुदा है। पुलिस जाँच में यह भी सामने आया कि फैजान के पास डॉक्टरी की कोई डिग्री नहीं थी। वह बिना कागजात के फर्जी अस्पताल चला रहा था। घटना के बाद हिंदू संगठनों और स्थानीय विधायक ने थाने पहुँचकर भारी नाराजगी जताई। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है।

