ISI जासूसी नेटवर्क केस में गाजियाबाद पुलिस ने अब समीर शूटर समेत 3 को दबोचा: कुल 21 हो चुके हैं गिरफ्तार, फोटो-वीडियो-GPS से पाकिस्तान भेजते थे जानकारी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान समीर उर्फ शूटर, शिवराज और समीर के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल सुरक्षा बलों के ठिकानों, रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों के फोटो, वीडियो व GPS लोकेशन पाकिस्तान भेजने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस की जाँच में खुलासा हुआ है कि इस गैंग ने दिल्ली और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सौर ऊर्जा (सोलर) से चलने वाले CCTV कैमरे लगाए थे। इन कैमरों की ऑनलाइन लाइव फीड सीधे पाकिस्तान में साझा की जा रही थी।

गैंग का इरादा 50 और महत्वपूर्ण लोकेशन पर ऐसे कैमरे लगाने का था। पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल के अनुसार, यह गैंग सीधे तौर पर पाकिस्तान से जुड़ा है और वहाँ से इन्हें मोटी फंडिंग मिल रही थी। इस राष्ट्रविरोधी नेटवर्क से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं, जिन्हें बाकायदा ट्रेनिंग दी गई है।

इस मामले में अब तक समीर, गणेश गिरी, विवेक राय और गगन प्रजापति समेत कुल 21 आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं। मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को देखते हुए पूरा केस जल्द ही राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) को ट्रांसफर किया जा सकता है।