सूर्या हत्याकांड के बाद प्रशासन की कड़ी कार्रवाई जारी, गाजियाबाद में सील किया बिना मान्यता के चल रहा मदरसा

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अवैध मदरसों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या हत्याकांड के बाद शुरू हुए अभियान के तहत शनिवार (6 जून 2026) को इंदिरापुरम के कनावनी इलाके में संचालित एक मदरसे पर बड़ी कार्रवाई की गई।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जाँच के बाद ‘मदरसा जामिया खुल्फा ए राशिदीन’ के मुख्य भवन और उससे जुड़े हॉस्टल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। जाँच के दौरान अधिकारियों को संस्थान के संचालन में कई गंभीर खामियाँ मिलीं। प्रशासन के अनुसार, मदरसा आवश्यक मान्यता और पंजीकरण के बिना संचालित किया जा रहा था।

इसके अलावा भवन के पास अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा से संबंधित अनिवार्य अनुमति भी उपलब्ध नहीं थी। अधिकारियों ने इसे छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम बताया है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि परिसर में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं थी

वहीं परिसर में संचालित हॉस्टल को भी निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मदरसे में पढ़ रहे बच्चों की तालीम प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें अन्य मान्यता प्राप्त संस्थानों में समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही मदरसा प्रबंधन को अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।