उत्तर प्रदेश की गोंडा पुलिस ने रविवार (15 फरवरी 2026) को एक नाबालिग हिंदू छात्रा को इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने और उसका पीछा करने के आरोप में एक मुस्लिम छात्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में KGN पब्लिक स्कूल का मैनेजर वारिस खान भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपितों पर छात्रा के भाई के साथ मारपीट करने का भी मामला दर्ज किया है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि यह स्कूल मान्यता प्राप्त नहीं है और यहाँ बाहर से मौलवी बुलाकर छात्रों को बहकाने की कोशिश की जाती है। यह घटना उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कौंधिया बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेहरिया चौराहा स्थित KGN पब्लिक स्कूल की है।
कक्षा 9 में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने आरोप लगाया कि एक मुस्लिम छात्र उसका पीछा करता था और इंस्टाग्राम पर उसे अश्लील संदेश भेजता था। जब छात्रा का भाई इस बात की शिकायत करने स्कूल गया तो उसके साथ मारपीट की गई।
छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराएँ 191(2), 78(2), 79, 352, 351(2), 131 और पॉक्सो एक्ट की धाराएँ 11 और 12 के तहत FIR दर्ज की है।

नाबालिग ने बार-बार उत्पीड़न का लगाया आरोप
पीड़िता के पिता के अनुसार, आरोपित परवेज खान स्कूल आते-जाते समय उनकी बेटी को परेशान करता था और बाद में इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने लगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चैट में लड़की ने आरोपित से उसे परेशान न करने को कहा था और अपने पिता को बताने की चेतावनी भी दी थी।
पिता का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद आरोपित हरकतों से बाज नहीं आया। शनिवार (14 फरवरी 2026) को जब एक और मैसेज आया और उस समय लड़की के भाई के पास फोन था, तो वह स्कूल जाकर इस बारे में शिकायत करने पहुँचा।
स्कूल परिसर में भाई से मारपीट
शिकायत के अनुसार, परवेज खान के साथ वारिस खान, सलाहुद्दीन हाफिज, इसराइल, जाकिर, साजिद, अरशद, इमरान और 10 से 15 अज्ञात लोगों ने लड़की के भाई पर लाठी-डंडों से हमला किया और गाली-गलौज की। इस दौरान उसे धमकियाँ भी दी गईं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब लड़की के भाई ने उन पर ‘लव जिहाद’ फैलाने का आरोप लगाया तो सलाहुद्दीन हाफिज ने कथित तौर पर कहा, “हम लव जिहाद फैलाएँगे, जो करना है कर लो।” पीड़िता के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि यह स्कूल बिना किसी मान्यता के चलाया जा रहा है और दाखिले के समय यह बात छिपाई गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में बाहर से मौलवियों को बुलाकर छात्रों का ब्रेनवॉश कराने की कोशिश की जाती है। ये सभी आरोप पुलिस जाँच के दायरे में हैं।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, रविवार (15 फरवरी 2026) को पीड़िता के पिता ने शिकायत दी थी कि कक्षा 12 का एक छात्र उनकी कक्षा 9 में पढ़ने वाली बेटी को परेशान कर रहा है। जब लड़की का भाई स्कूल जाकर विरोध करने पहुँचा तो स्कूल प्रबंधन और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रकरण के संबंध में थाना कौड़ियां पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। नामजद आरोपी अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। pic.twitter.com/OtTfSszgoT
— Gonda Police (@gondapolice) February 15, 2026
कौंधिया बाजार थाना प्रभारी तेज प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने स्कूल पहुँचकर जाँच शुरू की और स्कूल मैनेजर वारिस खान, छात्र परवेज खान, सलाहुद्दीन हाफिज और इसराइल को हिरासत में ले लिया गया। आरोपित छात्र का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

