उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश इस समय निवेश के स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है। बीते साढ़े आठ वर्षों में नीति स्थिरता, सुशासन और त्वरित निर्णयों के चलते यूपी ने खुद को निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य के रूप में स्थापित किया है।
अब उत्तर प्रदेश केवल संभावनाओं की नहीं, बल्कि ठोस परिणामों की पहचान बन चुका है। इसी क्रम में रविवार (18 जनवरी 2025) को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में चार प्रमुख कंपनियों और एक ट्रस्ट को औद्योगिक व शैक्षणिक परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन पत्र सौंपे गए।
औद्योगिक निवेश से मजबूत हो रहा यूपी
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद प्रदेश को करीब 45 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 5 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश पर जल्द काम शुरू होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रम सुधारों और उद्योग-अनुकूल नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल हो चुका है।
#WATCH | Lucknow | Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath says, "Land is being allotted to India Chip Private Limited, Ascent Circuit Private Limited, and Amber Enterprises India Limited for their new industrial units. Additionally, Bodhisattva Charitable Trust is being… https://t.co/PEpzh9kJIL pic.twitter.com/WMioqjLwBc
— ANI (@ANI) January 18, 2026
सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स पर खास जोर
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप यूपी में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड, जो एचसीएल और फॉक्सकॉन का संयुक्त उपक्रम है, को 48 एकड़ भूमि दी गई है, जहाँ सेमीकंडक्टर चिप निर्माण होगा।
इस परियोजना में करीब 3706 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। वहीं एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड को 16 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहाँ 3250 करोड़ रुपए के निवेश से फ्लेक्सिबल पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का उत्पादन होगा।
रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा
अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को 100 एकड़ भूमि दी गई है, जिसमें 3532 करोड़ रुपए के निवेश से इलेक्ट्रॉनिक्स और अप्लायंसेज निर्माण होगा, जिससे 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 20.50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
इस पर 532 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश होगा। मुख्यमंत्री ने जेवर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि यह यात्री और कार्गो परिवहन का बड़ा केंद्र बनेगा और प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को नई ऊँचाई देगा।

